हल्द्वानी। आबकारी विभाग के प्रवर्तन दल की मंडलीय टीम ने रुद्रपुर से दो शराब तस्करों को हरियाणा मार्का की 28 पेटी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। शराब की खेप बरेली में होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए जाने की बात सामने आई है। दोनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है।
रुद्रपुर के काशीपुर मार्ग स्थित गल्ला मंडी के पास बुधवार रात आबकारी प्रवर्तन दल की मंडलीय टीम की प्रभारी इंस्पेक्टर राइबा इकबाल अपनी टीम के साथ छापामारी करने पहुंची। रात में टीम ने एक पिकअप को रोककर चेकिंग की तो तिरपाल के नीचे हरियाणा मार्का की 28 पेटी रखी हुई थीं। जांच में पता चला कि शराब केवल हरियाणा में ही बिक्री के लिए वैध थी। पूछताछ में पिकअप चालक ने खुद को रुद्रपुर रायल रेजिडेंसी निवासी सिद्धार्थ अरोरा और दूसरे ने इंद्रा कॉलोनी निवासी जगमोहन अरोरा बताया। पूछताछ में जगमोहन अरोरा ने बताया कि शराब रुद्रपुर बॉर्डर पर पहले से एकत्र करके रखी गई थी। उनका काम बॉर्डर से रुद्रपुर के अंदर तक लाने का था। वहां से इसे दूसरी गाड़ी में बरेली पहुंचाया जाना था। शराब चुनाव के लिए भेजी जा रही थी। शराब के दूसरी गाड़ी में लदने से पहले टीम ने इन्हें पकड़ लिया। दोनों तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63 और 72 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।