हल्द्वानी। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा निवासी नर्स की शहर के एक निजी अस्पताल के आवासीय परिसर में बीती 27 अप्रैल को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसके पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि नर्स राबिया का शव अस्पताल परिसर स्थित उसके कमरे में जमीन पर पड़ा मिला था। उसके गले में फंदा भी कसा था। साथ रहने वाली उसकी ननद डॉ. नाजिया खातून तब ड्यूटी पर थी। जब वह कमरे में आई तब घटना का पता चला। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने एक दरोगा को निलंबित भी किया था। दूसरे दिन सीओ नितिन लोहनी ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए थे। राबिया के मोबाइल की काॅल डिटेल रिपोर्ट से चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई थी।
राबिया के पिता महबूब अली निवासी पीपली अहीर, ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद ने बताया कि उसकी शादी शरीफनगर ठाकुरद्वारा के जियाउल मुस्तफा से की थी। राबिया की ढाई साल की पुत्री भी है। राबिया और उसकी ननद बच्ची की देखभाल करती थीं। तहरीर में कहा कि उसकी पुत्री से कोई फोन पर देर तक बात करता था। आरोप है कि वह उसे प्रताड़ित भी करता था। युवक उनकी बेटी को धमकाता और पीटता भी था। उसी ने दबाव बनाया होगा जिस पर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया।
सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।