हल्द्वानी। मतदान में भागीदारी करने के लिए दिल्ली से अल्मोड़ा जा रहे युवकों की कार हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर टांडा के निकट पिकअप और ट्रक से टकरा गई थी। इसमें कार सवार विजय सिंह की मौत हो गई थी। विजय के भाई मुकेश सिंह ने ट्रक और पिकअप के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
अल्मोड़ा के हवालबाग स्थित ग्राम पाखुड़ा निवासी मुकेश सिंह ने हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि उनके भाई विजय सिंह 26 जुलाई की रात कार से गांव निवासी संजय सिंह, पंकज सिंह, विनोद सिंह और राहुल सिंह के साथ अल्मोड़ा आ रहे थे। 27 जुलाई की सुबह 3.25 बजे उनकी कार टांडा जंगल पहुंची। यहां बिना इंडिकेटर और संकेतक दिए एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। उनके आगे जा रही पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक बीच सड़क पर ब्रेक मार दिया। इससे कार दोनों वाहनों से टकरा गई। हादसे में उनके भाई विजय की मौत हो गई। पंकज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हल्द्वानी कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार दोनों वाहनों के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शिक्षिका को रौंदने वाले डंपर चालक पर दामाद ने कराया मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। चंपावत के कनल गांव लिंक रोड निवासी जितेंद्र पांडेय ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा कि तीनपाल गोल्डी विहार सर्विस रोड पर उसका ससुराल है। उनकी सास हेमा पंत 24 जुलाई की सुबह स्कूटी से गौजाजाली स्थित स्कूल में अध्यापन के लिए जा रही थीं। बरेली रोड पर मिलन बैंक्वेट हॉल और जनता पेट्रोल पंप के बीच पीछे से आ रहे डंपर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी और सास पर ट्रक का पहिया चढ़ गया। इलाज के दौरान अगले दिन उनकी मौत हो गई। कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन पुलिस के कब्जे में है। माई सिटी रिपोर्टर