हल्द्वानी। आरपीएफ जवान से मारपीट कर वर्दी फाड़ने के मामले में जीआरपी थाना काठगोदाम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
टनकपुर में तैनात आरपीएफ जवान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बीती एक अक्तूबर को उसकी ड्यूटी खटीमा रेलवे स्टेशन पर थी। उसके साथ कांस्टेबल हरिशंकर मिश्रा भी थे। दोपहर 11:55 बजे पूर्णागिरि जन शताब्दी एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म एक पर आई और दो मिनट बाद जाने लगी, तभी महिला समेत पांच लोग दौड़ते हुए प्लेटफार्म पर आये और चलती गाड़ी में चढ़ने का प्रयास किया। इस पर उसने और जीआरपी स्टाफ ने उन्हें रोक लिया। साथ ही ट्रेन भी रुकवा दी। महिला और एक पुरुष ट्रेन में चढ़ गए और ट्रेन प्रस्थान कर गई। आरोप है कि इसी बीच तीन लोगों ने बेवजह उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई कर दी। वे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मारपीट के दौरान उनमें से एक व्यक्ति का पर्स प्लेटफार्म पर गिर गया। पर्स में एक आधार कार्ड मिला जिस पर अमर सिंह लिखा है। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष सतपाल पटवाल ने बताया कि नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।