नवाबी रोड स्थित कुल्यालपुरा में एक दुकान में मिली 900 ग्राम चरस मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी पक्ष के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर दूसरे पक्ष के लोग वापस लौटे।
कुल्यालपुरा निवासी पूनम देवी ने कोर्ट में दी अर्जी में बताया था कि 28 जून को एक महिला दुकान पर आई। सामान लेने के बहाने दुकान में घुसी और हाथ में पकड़ा थैला वहीं छोड़ गई। उसके जाते ही तीन लोग खुद को नारकोटिक्स अधिकारी बताते हुए दुकान में घुसे और चरस बरामद कर पूनम के पति सूरज को आरोपी बताने लगे। पूनम ने इसकी सूचना सीओ लालकुआं मौके पर पहुंची। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर वह तमाम उच्चाधिकारियों से मिलीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पूनम ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हल्द्वानी की कोर्ट पहुंची। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने गली नंबर आठ नवाबी रोड कुल्यालपुरा भोटिया पड़ाव निवासी भूपेंद्र सिंह चौहान और उमेश सिंह चौहान व एक अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, नामजद होते ही आरोपियों के पक्ष की महिलाएं एकत्र होकर कोतवाली पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि उन्हें जबरदस्ती फंसाया गया है। इस पर कोतवाल उमेश मलिक ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।