हल्द्वानी। कालटैक्स से 500 मीटर दूर पनचक्की के पास शुक्रवार की रात बरात के चलते जाम लग गया। आरोप है कि पुलिस के मना करने के बावजूद लोग बैंडबाजे पर डांस कर यातायात व्यवस्था को बाधित कर दिया था। काठगोदाम पुलिस ने इस मामले में दूल्हे के पिता सहित 25 अज्ञात बरातियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दमुवाढूंगा चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार रात शिवालिक विहार फेस -2 शीशमहल निवासी भोला दत्त बेटे की बरात लेकर कालटैक्स से पनचक्की की ओर से जा रहे थे। बैंडबाजे पर डांस करते समय बरातियों ने सड़क पर जाम लगा दिया था, जिससे वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस के मना करने पर भी लोग रास्ता देने के लिए तैयार नहीं थे। अंत में पुलिस ने डांट फटकार कर रास्ता साफ कराया।
इस मामले में चौकी प्रभारी ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने धारा 341 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बरातियों ने यातायात व्यवस्था बाधित करने और विवाह समारोह की अनुमति में दी गई शर्तों का उल्लंघन किया है।