ठाकुरद्वारा से इलाज कर रानीखेत लौट रहे एक परिवार की कार पानी के टैंकर से टकरा गई। कार में सवार मां-बेटे की मौत हो गई जबकि एक भाई घायल हो गया। परिवार रानीखेत लौट रहा था। हादसा सोमवार की शाम करीब छह बजे रामनगर के आमडंडा के पास हुआ।
गनियाद्योली रानीखेत के 32 वर्षीय अनुज नैनवाल अपने छोटे भाई 26 साल के दिनेश नैनवाल अपनी मां 53 वर्षीय चंद्रा देवी का इलाज कराने के लिए मुरादाबाद स्थित ठाकुरद्वारा के एक अस्पताल गए थे। तीनों कार से सोमवार को अपनी कार संख्या यूके01टीए-2361 से लौट रहे थे।
आमडंडा के पास सामने से आए पानी के टैंकर यूके04सीए 8778 ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास खड़े लोगों ने तीनों को कार से बाहर निकला और 108 एंबुलेंस से संयुक्त अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने दिनेश नैनवाल और चंद्रा देवी को मृत घेाषित कर दिया। घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। एसआई विपिन जोशी ने बताया कि शवों का मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। परिवार के लोगों को सूचना दे दी गई है।