बेतालघाट ब्लाक के खलाड़ गांव में क्षेत्रीय विधायक और संसदीय सचिव सरिता आर्या व जिलाधिकारी दीपक रावत ने जनता दरबार लगाकर समस्याएं सुनी। विधायक और डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं को शीघ्र हल कराने के निर्देश दिए।
शिविर के दौैरान ग्रामीणों ने सीमराड़-गड़कोट-खलाड़, रिखोली-जनोली-खलाड़ रोड व सिल्टोना-जनोलीतड़ी तक सड़क बनाने की मांग की। विधायक सरिता आर्या ने गड़कोटी से खलाड़ तक विधायक निधि व मनरेगा से रोड बनवाने की घोषणा की।
डीएम दीपक रावत ने रिखोली-जनोली -खलाड़ सड़क के प्रस्ताव के बारे में लोनिवि के अधिशासी अभियंता से जानकारी ली। सिलटोना, जनौलीतड़ी सड़क की जानकारी लेने पर लोनिवि के ईई संजय कुमार पांडे ने डीएम को बताया कि इस सड़क पर 6 किमी का प्रस्ताव बनाया गया था, जो वन भूमि के चलते स्वीकृत नहीं हुआ।
इसके अलावा चार किमी लंबी पानकटारा-गड़खेत-खलाड़ रोड के मामले में वनभूमि क्षेत्र में 1200 पेड़ आ रहे थे। नोडल स्तर पर इस प्रस्ताव को अस्वीकृत कर वापस कर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों द्वारा सीमलखा में विद्युत बिल जमा कराने के लिए शिविर लगाने, विद्युत कटौती व बिजली के तार झूलने की शिकायत की गई।
शिविर में सीडीओ ललित मोहन रयाल, एसडीएम दयानन्द सरस्वती, जिला पंचायत सदस्य हंसा जलाल, बीडीसी सदस्य मदन सिह नेगी, प्रकाश सिह बोहरा, भगीरथ राम, जमुना प्रसाद, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मो. उस्मान, एसडीओ संजय कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।