हल्द्वानी। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए हजारों युवाओं ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया लेकिन इम्तिहान की घड़ी आई तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने दूरी बना ली। नैनीताल जिले में 26 केंद्रों पर दोनों पालियों में आधे से कुछ अधिक अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे।
जिले में पंजीकृत 10,890 अभ्यर्थियों में से पहली पाली में 4,779 और दूसरी पाली में 4,921 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य अध्ययन की परीक्षा हुई। इसमें 4,779 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह पहली पाली में 43.88 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी और उपस्थिति 56.12 प्रतिशत दर्ज की गई।
दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक सामान्य योग्यता परीक्षा आयोजित हुई। इसमें अनुपस्थिति का आंकड़ा और बढ़ गया। दूसरी पाली में 5,969 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे जबकि 4,921 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में 45.19 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए और उपस्थिति घटकर 54.81 प्रतिशत रह गई। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सौरभ असवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। प्रशासन की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रदेशभर में आधे से कम अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
प्रदेशभर में भी परीक्षा के दौरान अनुपस्थिति का आंकड़ा अधिक रहा। पहली पाली में पंजीकृत 79,082 में से 37,147 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे और उपस्थिति 53.03 प्रतिशत दर्ज की गई। दूसरी पाली में 40,518 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे जबकि 38,564 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति घटकर 51.24 प्रतिशत रह गई। पहली और दूसरी पाली के बीच 1,417 अभ्यर्थियों की उपस्थिति कम हुई।
अनुपस्थित अभ्यर्थियों के जिलेवार आंकड़े
जिला - पहली पाली : दूसरी पाली
अल्मोड़ा : 42.44% : 43.89%
बागेश्वर : 35.57% : 37.25%
चमोली : 43.14% : 44.82%
चंपावत : 33.52% : 35.48%
देहरादून : 47.81% : 49.55%
हरिद्वार : 56.61% : 58.00%
नैनीताल : 43.88% : 45.19%
पौड़ी : 36.47% : 38.43%
पिथौरागढ़ : 34.80% : 46.91%
रुद्रप्रयाग : 38.00% : 40.46%
टिहरी : 36.25% : 37.39%
यूएस नगर : 38.63% : 40.03%
उत्तरकाशी : 29.98% : 30.89%