नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी राकेश अग्रवाल की सड़क हादसे में मौत हो गई। मंगलवार रात हरिद्वार से लौट रहे अग्रवाल कोकार से उतरते समय तेज रफ्तार हल्द्वानी डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में कार चालक भी घायल हुआ है जबकि व्यवसायी की पत्नी सुनीता अग्रवाल हादसे में बाल-बाल बच गईं। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
सतीश कालोनी हीरानगर मुखानी निवासी राकेश अग्रवाल की नैनीताल रोड पर बजरंग लाइफ स्टाइल नाम से फर्म है। मंगलवार को वह अपनी बेटी और उसकी नवजात संतान से मिलने के लिए पत्नी सुनीता अग्रवाल के साथ कार से हरिद्वार गए थे। लौटते समय रात करीब 11 बजे नयागांव (कालाढूंगी) के पास उनकी कार की लाइट खराब हो गई।
उन्होंने बड़े भाई दिलीप कुमार अग्रवाल को इसकी सूचना दी। इस बीच कार से उतरते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस (यूके 07 पीए 2167) ने व्यवसायी को टक्कर मार दी। व्यवसायी जमीन पर गिर पड़े और चालक महेंद्र सिंह उछलकर दूसरी तरफ गिर पड़ा। अग्रवाल के सिर पर गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन और पुलिस की मदद से राकेश अग्रवाल को एसटीएच लाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। व्यवसायी चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।