नैनीताल। नया साल पर्यटन व्यवसायियों के लिए मुफीद साबित हुआ। 31 दिसंबर और पहली जनवरी को दो दिनों में ही नैनीताल और इसके आसपास के पर्यटक स्थलों में दस करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। नैनीताल नगर के अलावा आसपास के क्षेत्रों में सात सौ से अधिक होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे आदि संचालित होते हैं। इनमें छोटे होटलों से लेकर तीन सितारा होटल तक शामिल हैं। छोटे होटलों में साल के आखिरी दिन और साल के पहले दिन एक कमरे का कम से कम किराया तीन हजार और अधिकतम 21 हजार रुपये था। इसके अलावा नामी गिरामी होटलों में सैलानियों के लिए विशेष पैकेज भी रखे गए थे।
सूत्रों के मुताबिक शहर और आसपास के क्षेत्रों में ही होटल कारोबारियों को लगभग तीन करोड़ से अधिक की आय हुई है। इसके अलावा शहर में छोटे-बड़े डेढ़ सौ से अधिक रेस्टोरेंट हैं। जो बीते दो दिनों में सुबह से लेकर शाम तक लगातार पैक नजर आए। सैलानियों ने नौकायन, घुड़सवारी, टैक्सी, पार्किंग, रोपवे, चिड़ियाघर, बाटनिकल गार्डन, वाटर फाल, मास गार्डन, अलग अलग पिकनिक स्पाटों, हिमालय दर्शन आदि में भी पहुंचकर जमकर पैसा खर्च किया है। नाम न छापने की शर्त पर पर्यटन कारोबारियों ने बताया कि बीते दो दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में कुल मिलाकर दस करोड़ से अधिक कारोबार हुआ होगा।