भीमताल (नैनीताल)। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र के युवाओं के साथ 15 सूत्री मांगों को लेकर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। पांडे ने कहा कि पूर्व में सीडीओ अरविंद कुमार पांडे के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर 15 सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि मांगों के पूरा नहीं होने पर बृहस्पतिवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। पांडे ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में गोशाला का निर्माण करने, रखरखाव, उत्तराखंड मूल निवासियों के लिए 1950 को आधार मानते हुए विकास प्राधिकरणों में आवास निर्माण का सरलीकरण, मूल निवास प्रमाणपत्र के लिए 1950 को आधार वर्ष मानने, जंगली जानवरों को रोकने के उपाय और गणना करने की मांग की है। स्थानीय लोगों के लिए प्राधिकरण शुल्क हटाने, बड़े शहरों में व्यवस्थित कार पार्किंग, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, कोल्ड स्टोरेज हाउस की स्थापना, राज्य आंदोलनकारियों को 10 हजार पेंशन, भीमताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के परिसर को दूसरा कैंपस बनाने समेत अन्य मांगें उठाई हैं। बृहस्पतिवार को क्रमिक अनशन पर यूकेडी नेता लोकेश वर्मा, कांग्रेसी नेता नीरज कुमार मोनू, गुंजन रौतेला और ललित आर्य बैठे।