हल्द्वानी। नगर निगम बोर्ड की बैठक में बनभूलपुरा के वार्ड-23 में अतिक्रमण का मामला उठाए जाने के 24 घंटे के बाद ही टीम मौके पर पहुंच गई। वहां बने जर्जर सामुदायिक भवन और उसके आसपास अतिक्रमण कर बनाए गए टिन शेड आदि को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इस बीच अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया लेकिन उनकी एक न चली। इसके साथ ही बरेली रोड पर शनि बाजार के पास निगम की जमीन पर अवैध तरीके से बनाई गई दीवार को भी तोड़ दिया गया।
विज्ञापन
वार्ड-23 की पार्षद ने सोमवार को बोर्ड बैठक में अराजकता का अड्डा बन रहे निगम के सामुदायिक भवन का मामला उठाया था। उनका कहना था कि पूर्व में शिकायत के बावजूद इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को दोपहर बाद नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम जेसीबी लेकर वार्ड में पहुंच गई। टीम ने जर्जर भवन को ध्वस्त करने के साथ ही आसपास अतिक्रमण पर जेसीबी चलाई। इसके बाद टीम शनि बाजार क्षेत्र में पहुंची वहां विद्युत ट्रांसफार्मर के पीछे वाली जमीन को कब्जाने के लिए एक टेंट कारोबारी ने अवैध दीवार का निर्माण किया था। टीम ने उसे भी जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।