हल्द्वानी। हल्द्वानी मंडी परिसर की सड़कों का पुनर्निर्माण एक साल बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में रोजाना मंडी पहुंचने वाले डेढ़ हजार से अधिक किसानों के साथ ही आढ़ती, पल्लेदारों और खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यदायी संस्था उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अनुसार, करीब 42 एकड़ बीघा क्षेत्र की मंडी परिसर में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाना है। इसके लिए लगभग सालभर पहले बजट जारी हो चुका है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। 12 अक्तूबर से सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाना था। इसके बावजूद काम अधर में लटका है।
-
बदहाल सड़कों से वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
मंडी में पर्वतीय और तराई क्षेत्रों से रोजाना करीब 400 वाहन कृषि उपज लेकर पहुंचते हैं। आढ़तों के आगे कीचड़ और मिट्टी के ढेर से मजदूरों को माल लोडिंग-अनलोडिंग में परेशानी हो रही है। मंडी परिसर में वर्ष 2012 के बाद से सड़क के नाम पर केवल गड्ढे भरे गए थे। इसी साल चार दशक पुरानी पेयजल लाइन बदलने के बाद सड़कें और बदहाल हो गईं।
-
मंडी की बदहाल सड़कों से व्यापारियों और आम जनता को परेशानी हो रही है। साल 2012 के बाद से गड्ढे भरने का काम किया गया है। सड़क निर्माण की फाइल कहां लंबित है, इसकी जांच कराई जाएगी। -तरुण बंसल, गल्ला आढ़ती
साल 2012 के बाद से सड़कों की हालत खस्ताहाल हो चुकी है। वाहनों का दबाव अधिक होने और नालियों का पानी सड़क पर आने से सड़क खराब हो रही हैं। व्यापारियों ने मंडी परिषद से सीसी रोड निर्माण की मांग की थी। -कैलाश जोशी, अध्यक्ष, फल एवं आलू व्यापारी एसोसिएशन, हल्द्वानी मंडी
मंडी परिसर की सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई। बजट भी जारी किया गया है। संबंधित अधिकारियों को जल्द निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। -केदार सिंह बृजवाल, उप महाप्रबंधक (तकनीकी), उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड