फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टूटी सड़कों ने बढ़ा दीं जनता की मुश्किलें

विज्ञापन
नैनीताल में राजभवन मोटर मार्ग ध्वस्त हुआ। संवाद - फोटो : NAINITAL
विज्ञापन
नैनीताल। नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में मस्जिद तिराहे से राजभवन की ओर जाने वाली सड़क में हुए धंसाव के चलते मार्ग पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। राजभवन की ओर आने जाने वाले वाहन अब फांसी गधेरा से होते चलेंगे। क्षतिग्रस्त सड़क का मलबा गिरने से नीचे दस से अधिक दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
विज्ञापन

बुधवार दोपहर में न्यू पालिका बाजार के ऊपर राजभवन रोड के 20 मीटर हिस्से में दरार आ गई थी, जो रात में भरभराकर गिर गया। इसके साथ तीन पेड़ भी गिर गए थे। एक विशालकाय पेड़ दुकान की छत पर गिरा। पेड़ गिरने से 11 केवी की बिजली लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कराई।
सड़क का मलबा गिरने से न्यू पालिका बाजार और तिब्बती बाजार में हेमंत सिंह, तेनजिंग, उरगीन, प्रताप राणा, नरेंद्र चमियाल, मुनीब रहमान, कलीम अहमद, कैलाश चंद्र समेत दस बारह लोगों की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। खतरे वाले जगह की दुकानों को बंद करा दिया गया है। एसओ विजय मेहता ने बताया कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद व्यवस्था बनाने के लिए माल रोड पर दिन और रात में आवाजाही होती रहेगी और राजभवन की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन फांसी गधेरा होकर राजभवन तक जाएंगे।
विज्ञापन

पेड़ ने उड़ाई बिजली, पानी सप्लाई भी ठप
नैनीताल। राजभवन रोड में भू धंसाव और पेड़ गिरने से 11 केवी और एलटी लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं हैं, जिसके चलते घंटों शहर में बिजली और पानी की सप्लाई ठप रही। एसडीओ प्रियंक पांडे ने बताया कि यह लाइनें जलकल फीडर और टाउन प्रथम फीडर की थी, जिससे मल्लीताल स्थित जल संस्थान के पंप हाउस के अलावा भोटिया मार्केट, तिब्बती मार्केट, नैना देवी मंदिर समेत तल्लीताल, कलक्ट्रेट परिसर और डीएम कार्यालय की बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। इससे शहर की पेयजल व्यवस्था भी ठप हो गई। निगम के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार सुबह टाउन द्वितीय फीडर से बिजली लाइन जोड़कर जल संस्थान के पंप हाउस और अन्य स्थानों की बिजली सप्लाई सुचारु की तब लोगों को सुबह दस बजे के बाद पानी मिला।
डीएम ने आपदा मद से जारी किए तीस हजार
नैनीताल। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बृहस्पतिवार सुबह भू धंसाव वाली सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पेड़ों को काटने के लिए आपदा मद से मौके पर ही तीस हजार रुपये स्वीकृत किए। डीएम ने लोनिवि के ईई दीपक गुप्ता को मलबा हटाने के साथ ही सड़क का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
एडीएम से मिले व्यापारी
नैनीताल। राजभवन सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद मल्लीताल व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एडीएम अशोक जोशी से भेंट की और डीएम को संबोधित ज्ञापन दिया। व्यापार मंडल के महामंत्री त्रिभुवन फर्त्याल ने सड़क का पुनर्निर्माण शीघ्र करने की मांग की है। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष रईस खान, उपसचिव परीक्षित साह, कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ क्षेत्री मौजूद थे।
जिले में 12 मार्ग बंद
नैनीताल। जिला आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार बारिश के बाद से दो राज्य मार्ग क्रमश: रानीबाग-भीमताल व तल्ली सेठी-बेतालघाट बंद पड़े हैं। इसके अलावा भंडारपानी-पाटकोट, अल्चौना, ढोलीगांव, छीड़ाखान-अमजड़, देवली-महतोली, कैंची-हरतपा, सूखा मोटर मार्ग, न्यूना-ब्यासी-सिलटोना, तल्ली पाली-मल्ली पाली, गडख़ेत-पानकटारा मोटर मार्ग बंद हैं। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें