हल्द्वानी। बारिश के बाद गौलापार से लेकर लामाचौड़ तक की बिजली लाइनों में फॉल्ट हुए। इससे दो घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही।
यूपीसीएल के अनुसार रविवार सुबह बारिश के दौरान कमलुवागांजा बिजलीघर के लामाचौड़ फीडर की लाइन का पिन इंसुलेटर फट गया। इस कारण सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक लामाचौड़ खास, हरकपुर क्वीरा, भरतपुर आदि क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। वहीं, विद्युत वितरण खंड शहर डिविजन के गौलापार बिजलीघर के कालीचौड़ फीडर की 11 केवी लाइन पर पेड़ की टहनी गिर गई। इससे खेड़ा, नवाड़खेड़ा, सुल्तान नगरी के हजार उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। यहां सुबह करीब 10 बजे गुल हुई बिजली पूर्वाह्न 11:30 बजे बहाल कर दी गई।