दिल्ली से कार बुक कर आए छोई निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव हापुड़ के पास हाईवे किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्राम छोई निवासी मदन गिरी ने बताया कि उनके छोटे भाई प्रेम गिरी दिल्ली के आरकेपुरम सेक्टर-6 में गार्ड की नौकरी करते थे। चार अगस्त की सुबह वह कार बुक कर रामनगर आए थे। यहां उन्होंने ग्राम छोई स्थित ग्रामीण बैंक से 50 हजार रुपये निकाले। इसके बाद वह रकम लेकर उसी कार से दिल्ली के लिए निकल गए। मंगलवार रात 12 बजे हापुड़ पुलिस ने सूचना दी कि प्रेम गिरी का शव हापुड़ में हाईवे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है। हापुड़ में बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर छोई पहुंचे। बृहस्पतिवार को युवक का अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने मामले में कार चालक पर शक जताया है। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।