हल्द्वानी। टांडा जंगल में एक दिन पहले बृहस्पतिवार को मिली लाश की शिनाख्त रुद्रपुर के भूगेंद्र सिंह चौहान के रूप में हुई। बेटे करन ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या की गई है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामपुर रोड पर पुलिस चेक पोस्ट से करीब दो किमी दूर जिले की सीमा पर टांडा जंगल में बृहस्पतिवार दोपहर एक व्यक्ति का शव अर्द्धनग्न हालत में मिला था। पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई ही थी कि शुक्रवार सुबह रुद्रपुर के वार्ड नंबर एक में गंगापुर रोड स्थित ग्रींस कॉलोनी निवासी करन चौहान मोर्चरी पहुंचा। साथ में ताऊ रवींद्र थे। दोनों ने शव की पहचान भूगेंद्र सिंह के रूप में की।
इसके बाद करन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। उसमें बताया कि उसके पिता भूगेंद्र टाटा मैजिक चलाते थे। इन दिनों वह घर पर ही थे। बीती 11 जून को उनके मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति का फोन आया था। उसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर अपराह्न चार बजे चले गए। करीब तीन घंटे बाद फोन किया तो पिता ने बताया कि एक से दो घंटे में घर आ जाएंगे, लेकिन वह नहीं आए। रात फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
अगले दिन 12 जून को करन गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने के लिए रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाने गया तो पता चला कि टांडा जंगल में शव मिला है। इस पर उसने यहां मोर्चरी पहुंचा और शिनाख्त की। भूगेंद्र मूल रूप से हापुड़ जिले गढ़ मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गांव माहपुर के रहने वाले थे। वह परिवार के साथ रुद्रपुर में ही रह रहे थे। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी है।