उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 10 मार्च से प्रारंभ होंगी। इस वर्ष हाईस्कूल में 1,73,226 और इंटर में 1,45,914 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के लिए बोर्ड ने ठोस रणनीति बना ली है।
सचिव डा. दयाकृष्ण मथेला ने बताया कि 1304 केंद्रों पर परीक्षा होगी, जिसमें से 252 परीक्षा केंद्र संवेदनशील एवं 34 केंद्र अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। परीक्षाएं 10 मार्च से 1 अप्रैल तक होंगी। उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रदेश के 29 मूल्यांकन केंद्रों पर 10 अप्रैल से शुरू होगा, इसके लिए 31 संकलन केंद्र बनाए गए हैं।
श्री मथेला ने बताया कि परीक्षाफल मई अंतिम तक घोषित होने की संभावना है। परीक्षाओं को नवलविहीन बनाने के लिए प्रत्येक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कर कई सचल दस्तों का गठन किया गया है, जो हर समय परीक्षा केंद्र पर नजर रखेंगे। परीक्षा के दौरान कोई नकलची पकड़ा गया तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।