रामनगर। स्थानीय जनसमस्याओं का समाधान न होने से आक्रोशित भाजपा जिला महामंत्री राकेश नैनवाल ने शनिवार को लखनपुर स्थित शहीद पार्क में प्रदेश सरकार के खिलाफ 24 घंटे का क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। इस दौरान गोविंद सिंह मनराल, कमल किशोर, अली नकवी भी अनशन पर बैठे।
अनशन स्थल पर हुई सभा में नैनवाल ने कहा कि रविवार को यहां आ रहे मुख्यमंत्री हरीश रावत जिस रोडवेज बसे अड्डे का शिलान्यास करने वाले हैं, उसका शिलान्यास पहले भी कई बार हो चुका है। कोसी पर निर्माणाधीन बाईपास पुल का निर्माण पांच वर्ष में भी पूरा नहीं हो सका।
उन्होंने रोडवेज की भांति इस पुल को भी पीपीपी मोड की बजाय सरकारी निधि से बनवाने, पंपापुरी, भरतपुरी, दुर्गापुरी के नियमितीकरण समेत इन क्षेत्रों की बाढ़ सुरक्षा के लिए तटबंध बनाने की मांग की।
अनशन स्थल पर पूर्व विधायक दीवान सिंह बिष्ट, विधानसभा क्षेत्र के संयोजक मदन माहेश्वरी, विधानसभा मीडिया प्रभारी नरेंद्र शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष पूरन नैनवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश मंत्री मो. आदिल, जगमोहन बिष्ट, जिलाध्यक्ष इकबाल हुसैन, नगर अध्यक्ष सत्यप्रकाश शर्मा, भावना भट्ट, ममता गोस्वामी, माया रावत, हरीश दफौटी, सरिता मेहरा आदि थे।