नैनीताल में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा। संवाद
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार धर्म की चाशनी से समाज में जहर घोल रही है। विधानसभा सचिवालय में भर्ती घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाले से कटघरे में खड़ी भाजपा सरकार अंकिता भंडारी हत्याकांड में लीपापोती कर रही है। बनभूलपुरा में आवासों के ध्वस्तीकरण सरीखे समाज के संवेदनशील मामलों में चुप्पी साधे है।
राज्य अतिथि गृह में हुई पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नियमों के तहत विधानसभा में हुए किसी भी घोटाले की जांच के लिए विधानसभा पीठ से जांच कराने का नियम है, लेकिन सरकार ने पूर्व आईएएस स्तर से जांच कराई। अधीनस्थ चयन आयोग मामले में आयोग अध्यक्ष आरबीएस रावत को जेल होती है तो फिर दूसरे आयोग के अध्यक्ष के सफेदपोश नेताओं के लिए दिए बयान के मद्देनजर उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? आरोप लगाया कि विस भर्ती में भाजपा नेता और उनसे जुड़े लोगों के रिश्तेदारों को नियुक्ति दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जांच अधिकारी ने मीडिया को बताया कि आवश्यक तथ्य जुटा लिए गए हैं और कोर्ट में बयान दिए कि वहां हुए अग्निकांड आदि के चलते तथ्य नहीं जुटा पाए। बनभूलपुरा मामले में सरकार ने 24 घंटे से कम समय में कैबिनेट बैठक कर तय किया कि रेलवे अतिक्रमण पर नहीं बोलेंगे। आरोप लगाया कि भाजपा हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई के भाईचारे की देश की नीतियों के इतर कार्य कर रही है। जोशीमठ मामले में बोले कि इससे पूर्व रेणी में हुई घटना में 27 लोगों की मौत ने इसका संकेत दिया था। ईसरो की रिपोर्ट ने दो जनवरी से पहले टूट फूट की जानकारी दी थी, लेकिन भाजपा के काबीना मंत्री ने इसरो की साइट बंद करवा दी। अब कह रहे पैनिक न बनाएं और तथ्य सरकार को बताएं। भाजपा चायना के बहिष्कार की बात करती है और सरदार पटेल की मूर्ति चायना से बनाने के साथ ही पेटीएम, मेट्रो का ठेका चायना को दिया जा रहा है।