लालकुआं (नैनीताल)। भारतीय सेना के बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप गुजरात में सेवारत बिंदुखत्ता निवासी सैनिक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह छुट्टी पर अपने घर आ रहा था। सैनिक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
बंगाल इंजीनियरिंग में तैनात सैनिक सोनू रौतेला (25) गुजरात के गांधीनगर में तैनात था। जम्मू कश्मीर में तबादला होने पर वह पोस्टिंग कम लीव पर अपने घर इंदिरानगर द्वितीय बिंदुखत्ता आ रहा था। 12 दिसंबर को रेलगाड़ी से आते समय वह राजस्थान के पास अचानक ट्रेन से नीचे गिर गया। उसे गंभीरावस्था में दिल्ली के सेना अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां बृहस्पतिवार शाम उसकी मौत हो गई। मृत्यु से पूर्व बृहस्पतिवार को जब सोनू का कोविड-19 टेस्ट किया गया तो वह पॉजिटिव निकला था। इसके चलते अस्पताल प्रशासन ने सैनिक का अंतिम संस्कार दिल्ली में ही करने का निर्णय लिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद भाई मोनू रौतेला दिल्ली पहुंच गया। बता दें कि पिछले साल सोनू का विवाह बिंदुखत्ता निवासी चंद्रकला से विवाह हुआ था, जो कि अब गर्भ से है। सोनू की मौत का समाचार सुनकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।