रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती विजय।
- फोटो : अमर उजाला
शादी समारोह में जा रहे बाइक सवारों को एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है, चालक मौके से फरार हो गया। बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। दोनों युवक आपस में रिश्तेदार थे।
बुधवार को जुड़का नंबर 2 कुंडेश्वरी ऊधमसिंह नगर निवासी जोगेंद्र सिंह (32) पुत्र शीश राम और विजय सिंह (36) पुत्र मान सिंह अपनी बाइक संख्या यूके 18सी 9284 से बुधवार देर शाम करीब साढे़ आठ बजे शादी समारोह में जा रहे थे। ग्राम थारी गुरुद्वारे के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जोगेंद्र की मौके पर मौत हो गई। विजय सिंह को घायल अवस्था में संयुक्त चिकित्सालय लाया गया।
पीरूमदारा चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भर उसे मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जिसका बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक जोगेंद्र मजदूरी करता था। उसके तीन बच्चे हैं।