एनएच 121 हल्दुआ बेरियर के पास ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक काशीपुर के रहने वाले थे और प्रतापपुर से रामनगर आ रहे थे। मौत से दोनों के घरों में कोहराम मच गया।
कुंडेश्वरी (काशीपुर) के खरमासी गांव के किशन (29) पुत्र भीमसेन और जितेंद्र (18) पुत्र थानसिंह सोमवार शाम बाइक से रामनगर की ओर आ रहे थे। एनएच 121 हल्दुआ बेरियर के पास सामने से आई ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों युवक मजूदरी करते थे। किशन अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। जितेंद्र तीन भाई-बहनो में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिजन भी संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए। उन्होंने बताया कि दोनों किस काम से जा रहे थे इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पीरूमदारा चौकी इंचार्ज राहुल राठी ने बताया कि ड्राइवर ट्रैक्टर ट्राली को छोड़ कर फरार हो गया।