हल्द्वानी। काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के हैड़ाखान मार्ग स्थित भोड़िया गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार गौलापार निवासी पेंटर दिलीप कुमार (48) की मौत हो गई। उसका शव सोमवार सुबह गौला नदी में मिला जबकि साथी लापता है। एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, दिलीप और राजू शनिवार रात से घर नहीं पहुंचे तो परिजन गुमशुदगी की सूचना देने रविवार दोपहर कोतवाली पहुंचे। तब पुलिस ने तलाश शुरू की। राजू आर्या दर्जी है। राजू के भाई हेमंत आर्या ने बताया कि दिलीप को खन्स्यू में पेंट का बड़ा ठेका मिला था। सौदा पक्का करने के लिए राजू के साथ वह शनिवार को हैड़ाखान गए थे। उनके साथ दो अन्य बाइक पर रोजवेज कर्मी व दो अन्य व्यक्ति भी थे। बताया कि सौदा पक्का होने पर दिलीप को 70 हजार रुपये का अग्रिम भुगतान मिला था। वह अपने दोस्तों के साथ वापस लौट रहे थे। पहले सभी ने पार्टी की और उसके बाद रवाना हो गए। रास्ते में बाकी साथी तो अपनी बाइकों से आगे निकल गए लेकिन दिलीप और राजू घर नहीं पहुंचे।
रविवार को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की तब सोमवार सुबह गौला नदी में दिलीप का शव बरामद हुआ। छानबीन में पुलिस को घटनास्थल मिला और तब जांच आगे बढ़ी।