संवाद न्यूज एजेंसी
भीमताल (नैनीताल)। इन दिनों जगह-जगह बिना अनुमति के लगे बैनर और पोस्टरों से भीमताल पटा हुआ है। वहीं जिम्मेदार नगर पालिका, सिंचाई विभाग, ऊर्जा निगम और प्रशासन के अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। तल्लीताल, डांठ, मिनी स्टेडियम, नौकुचियाताल, बाईपास, गोरखपुर चौराहे और मेहरागांव क्षेत्र में नेताओं, कंपनियों, स्कूल और कॉलेजों ने बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर लगा दिए हैं। सार्वजनिक संपत्ति के साथ-साथ बिजली के पोलों और हरे पेड़ों पर भी कीलें ठोकर पोस्टर लगाए गए हैं। लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से जगह-जगह बिना अनुमति के लगाए गए पोस्टरों को हटाने को कहा है।
पालिका के 13 यूनिपोल के साथ हैं स्वागत गेट
नगर पालिका भीमताल में 09 वार्ड है। पालिका के 13 यूनिपोल के साथ चार स्वागत गेट हैं। इन यूनिपोलों और स्वागत गेट पर पालिका की अनुमति के बाद ही बैनर-पोस्टर लगाए जाते हैं। लेकिन इसके बाद भी लोगों ने अपने प्रचार-प्रसार के लिए जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगा दिए हैं।
1- पालिका की ओर से समय-समय पर जगह-जगह लगाए गए बैनर-पोस्टरों को हटाया जाता है। नगर क्षेत्र जल्द अभियान चलाकर बिना अनुमति के लगाए गए बैनर-पोस्टरों को हटाया जाएगा।
राहुल कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका भीमताल