भीमताल (नैनीताल)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से शुक्रवार को जारी सिविल सेवा परीक्षा के फाइनल परिणाम में भीमताल निवासी सौम्या गर्ब्याल ने 822 रैंक हासिल की है। सौम्या वर्तमान में अल्मोड़ा में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।
मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के धारचूला स्थित गर्ब्यांग गांव निवासी सौम्या वर्तमान में भीमताल में रहती हैं। इससे पहले सौम्या ने वर्ष 2024 में पीसीएस परीक्षा में 10वीं रैंक हासिल की थी। सौम्या की माता बीना गर्ब्याल अभिसूचना विभाग नैनीताल में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और पिता देव सिंह गर्ब्यांल है।
सौम्या की बड़ी बहन साक्षी गर्ब्याल महाराष्ट्रा बैंक पीलीभीत में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। सौम्या ने एचजीएस भीमताल से हाईस्कूल, नैनीताल से इंटरमीडिएट और हिंदू कॉलेज यूनिवर्सिटी दिल्ली से स्नातक की पढ़ाई की है।
सौम्या ने ड्यूटी के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी कर सफलता हासिल कर धारचूला और भीमताल का मान बढ़ाया है। सौम्या की माता ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से मेधावी ही रही है और उसका लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा पास कर समाज के लोगों के लिए बेहतर काम करना है। संवाद