जल संस्थान विभाग के पंप हाउस से मात्र 400 मीटर दूर स्थित तल्लीताल बाजार क्षेत्र में पांच दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। लोगों की शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने से लोगों में नाराजगी है।
बाजार क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पांच दिन से पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि पंत पार्क के सामने स्थित होटलों तक सप्लाई ठीक है लेकिन उसके बाद से आगे को आवासीय क्षेत्र में घरों के भूतल में भी पानी नहीं पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की तो अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया लेकिन उसके बाद भी अभी तक पानी नहीं आने से लोगों में गुस्सा है। लोगों ने विधायक राम सिंह कैड़ा से पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की और समस्या को हल करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है यदि पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो वह जल संस्थान के कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे।
पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है। अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। पानी की समस्या हल होनी चाहिए। - दान सिंह जंतवाल, निवासी तल्लीताल।
बार-बार मांग करने के बाद भी जल संस्थान तालीताल क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं कर पाया है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। - इंद्रजीत सिंह बिष्ट, निवासी तल्लीताल।
पानी नहीं आने से हर कोई परेशान है। पानी के लिए सभी लोगों को हैंडपंप पर निर्भर होना पड़ रहा है। - रोहित रौतेला, निवासी तल्लीताल।
जल संस्थान से हम मात्र 500 मीटर दूरी पर रहते हैं। यहां तक भी संस्थान पेयजल आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। जबकि साल भर महीना पहले जल संस्थान के जीएम को ज्ञापन देकर वर्षों पुरानी पेयजल लाइन को बदलने की मांग भी की जा चुकी है। - पूरन चंद्र भट्ट, निवासी तल्लीताल।