हल्द्वानी। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा 23 नवंबर को ब्लाक कार्यालय हल्द्वानी से शुरू होगी। इसके लिए कृषि विभाग को नोडल विभाग नामित किया गया है।
डॉ. तिवारी शुक्रवार को नगर निगम सभागार में यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि जनपद में विकसित भारत संकल्प यात्रा 20 दिन तक संचालित की जाएगी। इसके लिए 11 मोबाइल वैन के संचालन के लिए रूट चार्ट तैयार किया जाए। ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित कर योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित करें और मौके पर ही पंजीकरण के साथ उनकों लाभान्वित किया जाए।
-
समिति का गठन करें
हल्द्वानी। सीडीओ ने कहा कि अभियान के सफल संचालन एवं नियमित मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक स्तर पर समिति गठित की जाए। प्रत्येक स्तर पर आयोजित कार्यक्रम की फोटो, वीडियो के साथ इसकी पूरी रिपोर्ट पोर्टल पर भी अपलोड की जाए। बैठक में परियोजना निदेशक अजय सिंह, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, एपीडी चंद्रा पंत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी केएन कांडपाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।