किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। विधायक ने कहा कि जनता की मांग पर आदित्य चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ीकरण का आश्वासन दिया गया था, जिसके प्रथम चरण का कार्य प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण से पहले पानी और विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में अधिकारियों ने विधायक को बताया कि जल संस्थान नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र शुरू करेगा। बिजली पोल शिफ्टिंग का कार्य भी जल्द शुरू होगा। विधायक ने अप्रैल माह तक कार्य पूरा करने की चेतावनी दी। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार कर शासन को भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क के बीच में डिवाइडर, लाइट और पेड़-पौधे लगाकर इसे सुंदर बनाया जाएगा। पेयजल योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर पालिका में जहां-जहां पाइपलाइन डाली जा रही है, वहां उच्च गुणवत्ता की सीसी सड़कें बनाई जाएं।
बैठक में लोनिवि के ईई गजेन्द्र सिंह, विद्युत के ईई संजय कुमार तिवारी, लोक निर्माण के एई विनोद चन्द्र सनवाल, अपर सहायक अभियंता लोक निर्माण प्रकाश पंत, जल संस्थान के एई कृष्णा उघान, यूएसडीडीए के एई पवन टोलिया, उपखंड अधिकारी विद्युत विभाग दिनेश चंद गुरुरानी, अवर अभियंता सतेन्द्र प्रकाश जोगियाल एवं मोहम्मद आसिफ आदि मौजूद रहे।