नैनीताल। जिला मुख्यालय में स्थित बीडी पांडे अस्पताल में पिछले तीन दिन से अल्ट्रासाउंड न होने से मरीजों को दिक्क़तों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कई मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए हल्द्वानी जाना पड़ रहा है।
बीडी पांडे अस्पताल में पिछले दिनों अल्ट्रासाउंड केंद्र में अनियमितता मिलने पर हाईकोर्ट की फटकार के बाद रेडियोलॉजिस्ट का तबादला कर दिया गया था। इसके चलते मरीजों को अल्ट्रासाउंड सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने आने वाले कुछ मरीज बैरंग लौट रहे हैं जबकि कई मरीज इलाज के लिए हल्द्वानी जाने को मजबूर हैं। अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल प्रबंधन ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। इधर अस्पताल के पीएमएस डॉ. एलएमएस रावत ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट का तबादला होने के बाद नए रोडियोलॉजिस्ट की तैनाती के आदेश हो गए हैं लेकिन वह अवकाश पर हैं। सोमवार को उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद मरीजों को अल्ट्रासाउंड सुविधा का लाभ मिलने लगेगा।