नियमों को ताक पर रखकर आवासी कालोनी के बीचोंबीच बन रहे बैंक्वेट हाल के निर्माण की जांच को पहुंचे एसडीएम को महिलाओं के रोष का सामना करना पड़ा। एसडीएम ने जांच के बाद निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निर्माण पर पूरी तरह से रोक लगाने की मांग की है।
रविवार को ग्राम पंचायत दुम्का बंगर बच्ची धर्मा की प्रधान रुकमणि नेगी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने श्रम मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल का घेराव कर आवासी कालोनी में बन रहे बैंक्वेट हाल का निर्माण रोकने की मांग की थी। इस संबंध में श्रम मंत्री ने सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी और एसडीएम पंकज उपाध्याय को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सोमवार को एसडीएम ने सिंघल फार्म के बीच बन रहे बैंक्वेट हाल की जांच की।
इस दौरान महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान रुकमणि नेगी, मोहिनी भट्ट, बसंती नैनवाल, धनुली भट्ट, बसंती पांडे, लता, शांति पांडे, मुन्नी देवी, दुर्गा देवी, बीना पांडे, पार्वती देवी, लीला देवी, सरस्वती देवी, पुष्पा भाकुनी, दीप टगड़िया, उमा भट्ट, शांति देवी, नीमा बजेठा, पुष्पा असवाल शामिल थीं।