हल्द्वानी। शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी शुरू हो गई है। इस क्रम में नगर निगम की ओर से शहरवासियों से फीडबैक लिया जा रहा है। निगम की बैंणी सेना कूड़ा कलेक्शन के दौरान लोगों से स्वच्छ भारत मिशन के पोर्टल पर ऑनलाइन फीडबैक ले रही हैं।
केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड में स्वच्छता सर्वेक्षण के 10वें एपिसोड की शुरुआत कर दी है। केंद्र की ओर से पहुंचने वाली टीम शहर में स्कूलों का निरीक्षण कर स्वच्छता, शौचालय आदि का जायजा लेगी। इसके साथ ही शहर के बाजारों और वार्डाें का जायजा लेकर सफाई का आकलन करेगी। निगम की ओर से कूड़ा निस्तारण के लिए किए जा रहे कार्याें का भी दौरा किया जाना है। सूत्रों के अनुसार टीम जल्द शहर का सर्वेक्षण करेगी। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि 22 मई से पहले केंद्र सरकार की ओर से सर्वेक्षण पूरा कर लिया जाएगा।
ऐसे दे सकेंगे फीडबैक
पोर्टल का लिंक खोलकर राज्य, निकाय क्षेत्र का नाम दर्ज करना होगा। इसके बाद सफाई संबंधी सवाल पूछे जाएंगे। इसमें फीडबैक देने वाले को चार विकल्प दिए जाएंगे, इनमें से ही जवाब देना होगा।
बॉक्स
इस बार बढ़ सकती है निगम की रैंकिंग
पिछले साल हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम को देश में 290वीं रैंक मिली थी लेकिन इस बार निगम ने रैंकिंग बढ़ाने के प्रयास किए हैं। ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा निस्तारण के साथ ही जैम फैक्टरी में कंपोस्टर लगाकर खाद बनाई जा रही है। गौला रोखड़ में 10 वार्डाें के कूड़े का रोजाना निस्तारण किया जा रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार नगर निगम की स्थिति बेहतर होगी। देश में जिस शहर को 12500 अंक मिलेंगे उसे ही स्मार्ट सिटी का ताज मिलेगा।