भीमताल (नैनीताल)। लॉकडाउन के जलते पूरे देश की अर्थव्यवस्था के चौपट होने से छोटे बड़े पर्यटन करोबारियों, एडवेंचर स्पोर्ट्स, लघु उद्योग, नाव, रिक्शा, ट्रक और टैक्सी चालकों का बैंक ऋण माफ करने और बिजली, पानी के बिलों में छूट देने के लिए ब्लाक प्रमुख डॉ हरीश बिष्ट ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। डॉ. बिष्ट ने कहा कि लॉकडाउन से जिले के पर्यटन करोबार को करोड़ों रुपये का नुकसान होने के साथ कर्मचारियों को रोजी रोटी की चिंता सताने लगी है। साथ ही बेरोजगारी का भय भी बना हुआ है। बिष्ट ने सीएम से पर्यटन से जुड़े लोगों के बैंक ऋण माफ करने और बिजली, पानी के बिलों में छूट देने की अपील की है। ताकि लोगों के नुकसान की भरपाई दूर हो सके। उन्होंने रिंगाल के सामान, मधुमक्खी पालन, तेजपत्ता, जड़ीबूटी और अन्य उपज में वन विभाग का हस्तक्षेप बंद कर स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ाने की मांग की है। साथ ही कृषि, पशुपालन को मनरेगा की श्रेणी में शामिल कर न्यूनतम मानव दिवस सर्जित कर लाभ दिया जाए। उन्होंने शहर से नौकरी छोड़कर पहाड़ आए युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की अपील की है।