कैंची धाम में जाम के चलते पुलिस और प्रशासन की ओर से टैक्सी स्कूटी के संचालन पर रोक लगा दी गई है। इससे भीमताल में कई युवा बेरोजगार हो गए हैं। मंगलवार को युवाओं ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मुलाकात कर टैक्सी स्कूटी का संचालन दोबारा शुरू करने की मांग की।
युवाओं ने कहा कि एक तरफ सरकार स्वरोजगार की बात कह रही है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस और प्रशासन की ओर से टैक्सी स्कूटी के संचालन पर रोक लगाई जा रही है और वाहनों को सीज किया जा रहा है। इसके चलते वे बेरोजगार हो गए हैं और बैंक की किस्तें जमा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने मंत्री से टैक्सी स्कूटी के संचालन के लिए उचित व्यवस्था बनाते हुए दोबारा संचालन शुरू कराने की मांग की।
कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने कहा कि युवाओं का रोजगार प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसको लेकर जल्द डीएम और एसएसपी के साथ बैठक कर एक व्यवस्था बनाकर संचालन शुरू किया जाएगा। इस दौरान पूर्व चेयरमैन राजेश नेगी, पंकज जोशी, प्रदीप पाठक, नितेश बिष्ट, प्रकाश कनौजिया, पंकज उप्रेती, गौतम मटियाली, कमलेश बिष्ट, देवेंद्र सिंह फर्त्याल, पंकज गिरी आदि मौजूद रहे।