ज्योलीकोट (नैनीताल)। उत्तराखंड परिवहन भवाली डिपो की एक बस गेठिया पड़ाव के पास अनियंत्रित होकर मार्ग से नीचे पलट गई। गनीमत रही कि बस में सवारियां नहीं थीं। साथ ही चालक को भी कोई चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार बस पिथौरागढ़ से हल्द्वानी को जा रही थी। जिसे भुजियाघाट निवासी चालक हरीश सिंह जीना चला रहे थे। जैसे ही बस गेठिया पड़ाव के पास पहुंची अनियंत्रित हो गई और मार्ग से नीचे पलट गई। पता चला है कि बस के परिचालक डीएल साह अपने घर जाने लिए भवाली में ही उतर गए थे। घटना देर शाम 6 बजे की बताई जा रही है।