नैनीताल। पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार दुर्गापुर में आयोजित श्रीनिवास स्मृति अंतर-विद्यालयी अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में क्षेत्र के प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने अपनी तार्किक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का विषय क्या बेहतर अवसर की तलाश में उत्तराखंड से पलायन नैतिक रूप से उचित है? रखा गया था। प्रतियोगिता में पार्वती प्रेमा जगाती के आयुष्मान भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 11 हजार की नकद राशि व शील्ड प्रदान की गई। सनवाल पब्लिक स्कूल के शिवांक कपिल द्वितीय और लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल के आशीष सिंह रावत तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता की प्रतिष्ठित चल वैजयंती ट्रॉफी पार्वती प्रेमा जगती सरस्वती विहार के नाम रही। इस मौके पर प्रबंधक श्याम अग्रवाल, प्रो. हरी प्रिया पाठक, डॉ. नगेंद्र, डॉ. अशोक उप्रेती, विशिष्ट अतिथि डॉ. सरोज शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश, केतन बोरा आदि रहे।