रामनगर। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन ने प्रिंटिंग प्रेस, फ्लैक्सी छापने वाले प्रतिष्ठानों पर छापा मारते हुए दो स्थानों से बिना प्रिंट लाइन की सामग्री जब्त करते हुए दोनों को नोटिस देते हुए भविष्य के लिए हिदायत दी।
इसके साथ ही प्रशासन ने नगर के सभी प्रिंटिंग प्रेस स्वामियों, फ्लैक्सी प्रिंटर्स को भी आचार संहिता का पालन करने के निर्देश दिए। एसडीएम, निर्वाचन अधिकारी परितोष वर्मा के नेतृत्व में नगर में निकली टीम ने कोसी रोड स्थित भारत प्रेस पर बिना मुद्रक लाइन, संख्या के प्रकाशित कुछ पर्चे जब्त किए।
पर्चे पुराने छपे थे। इस पर प्रशासन ने प्रिंटिंग प्रेस स्वामी को भविष्य में प्रिंट लाइन के साथ ही उनकी संख्या भी पर्चोें में छापने के निर्देश दिए। दूसरा मामला चड्ढा फ्लैक्सी का रहा। यहां भी प्रशासन ने बिना प्रिंट लाइन की सामग्री जब्त कर प्रतिष्ठान स्वामी को नोटिस दिया। इसमें भविष्य में नियम का पालन करने की हिदायत दी।
अभियान के बाद एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि अभियान के पहले दिन सभी को नियम, कानून का पालन करने की हिदायत दी गई। इनमें से दो लोगों को नोटिस दिए जाएंगे। यदि भविष्य में दोबारा गलती मिली तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें सभी से अनुमति के बिना चुनाव संबंधित कुछ भी छापने से मना किया है। इस दौरान सीओ मिथिलेश कुमार, एसएसआई भूपेंद्र बृजवाल, कानूनगो रामलाल आदि थे।
रामनगर। विधानसभा चुनाव में अनुमति संबंधी निर्देश स्पष्ट न होने, निर्वाचन से जुडे़ अधिकारियों में आपसी बेहतर तालमेल न होने के कारण चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को अनुमति पता लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जारी बयान में संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रत्याशी प्रभात ध्यानी ने कहा कि आरओ ने पहले बताया कि पर्चे, पोस्टर, फ्लैक्सी आदि प्रचार सामग्री छपवाने की सूचना उम्मीदवारों को देनी होगी।
बाद में आचार संहिता प्रभारी ने बताया कि प्रचार सामग्री छपवाने के लिए आरओ कार्यालय को देनी होगी, मेल से मीडिया कमेटी के द्वारा प्रमाणित होने के बाद अनुमति पत्र जारी होगा। इस बारे में जब जिला सूचना अधिकारी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रचार सामग्री की अनुमति मेल से नहीं बल्कि हल्द्वानी स्थित कार्यालय में हार्डकॉपी लाने के बाद दी जाएगी। संयुक्त संघर्ष के उम्मीदवार उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव ध्यानी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से वार्ता कर इस बारे में निर्देश जारी करने को कहा।