रामनगर (नैनीताल)। हथियारबंद करीब 18 लोगों ने एक ग्रामीण के खेत पर कब्जा करने की नियत से धावा बोला। खेत की जुताई कर खेत की तारबाड़ में लगी बल्लियां उखाड़ दीं और किसान पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि कल्लनपुर टांडा निवासी सतनाम सिंह पुत्र स्व. अमीचंद ने तहरीर दी। बताया कल्लनपुर टांडा में उसकी बेटी सीमा के नाम भूमिधरी की जमीन है, जिस पर सोमवार सुबह इकबाल सिंह निवासी ग्राम कल्लनपुर टांडा, जरनैल सिंह निवासी जीवानन्दपुर, चनरजीत सिंह निवासी सोबनपुर, विनयराज उर्फ विक्की निवासी भवानीपुर छोटी 10-15 साथियों के साथ दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचे।
वह अपने भतीजे विजयपाल सिंह, सचिन कटारिया और दौलत कटारिया के साथ बैठा था। सबसे पहले इकबाल सिंह ने ट्रैक्टर से खेत की बाउंड्री वाले के खंभे तोड़कर खेत को जोत दिया। विरोध करने पर उसने मेरे ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इकबाल सिंह हवा में रिवाल्वर लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर इकबाल सिंह, जरनैल सिंह, चनरजीत सिंह, विनयराज उर्फ विक्की व इनके साथियों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 336, 427, 447, 379, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।