Attack on encroachment team removed from forest land
- फोटो : amar ujala
रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज के अंतर्गत देवीचौड़ में वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंचे वन कर्मियों पर अतिक्रमणकारी पिता-पुत्र ने हमला कर घायल कर दिया। इसमें बीट अधिकारी घायल हो गए। बाद में वन कर्मी आरोपियों पकड़कर कोतवाली ले आए। पुलिस ने उन पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
देवीचौड़ में वन भूमि पर अतिक्रमण कर निरंजन सिंह भवन निर्माण कार्य करा रहा था। रविवार सुबह लेंटर डालने की तैयारियां की जा रही थी। मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने लेंटर हटाने को कहा। इस पर निरंजन सिंह ने घर से फावड़ा लाकर बीट अधिकारी जगदीश प्रसाद पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
जगदीश के सिर में गंभीर चोट आई है। मौके पर मौजूद स्टाफ ने उन्हें बमुश्किल बचाया। इस दौरान निरंजन के पुत्र दीपक ने वन विभाग की टीम पर पथराव कर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
वन कर्मी हमलावर पिता-पुत्र को पकड़ कोतवाली ले गए जबकि घायल बीट अधिकारी को इलाज के लिए संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि कोसी रेंज के वन दरोगा चंद्र प्रकाश की तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।