फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: पतलोट में कॉलेज भवन में उद्घाटन के बीच छात्र आंदोलन से गरमाया माहौल

Sat, 17 Oct 2026 01:36 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
पतलोट/हल्द्वानी। राजकीय महाविद्यालय पतलोट के नवनिर्मित भवन का शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोकार्पण किया। वहीं, महाविद्यालय में बीए के कई विषयों और एमए की नियमित कक्षाएं शुरू नहीं होने से नाराज विद्यार्थियों ने भवन के उद्घाटन से पहले विरोध-प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी विषयों की कक्षाएं शुरू करने की मांग उठाई। छात्र महासंघ अध्यक्ष यतीन पांडे को खनस्यूं में रोके जाने और कथित तौर पर मंत्री की गाड़ी में जबरन बैठाने के आरोपों को लेकर मामला और गरमा गया। इसके विरोध में कांग्रेस नेता हरीश पनेरू, यतीन पांडे के चाचा विपिन पांडे और समर्थकों ने हल्द्वानी स्थित पुलिस बहुउद्देश्यीय भवन में धरना देकर प्रदर्शन किया और एसएसपी को ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन

पतलोट में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना है कि महाविद्यालय में बीए के सभी विषयों की पढ़ाई की सुविधा नहीं है और एमए की नियमित कक्षाएं भी संचालित नहीं हो रही हैं। इस कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए हल्द्वानी के महाविद्यालयों का रुख करना पड़ता है। वहां किराये पर कमरे लेकर रहने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने कहा कि वे लंबे समय से सरकार, शिक्षा मंत्री और संबंधित अधिकारियों से कक्षाएं शुरू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी बीच, खनस्यूं में छात्र महासंघ अध्यक्ष यतीन पांडे को महाविद्यालय जाने से रोकने पर विवाद हो गया। इसके विरोध में हल्द्वानी में पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने खनस्यूं पुलिस पर विद्यार्थियों का उत्पीड़न करने और छात्र नेता की आवाज दबाने का आरोप लगाया। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि यतीन पांडे को कैबिनेट मंत्री की सहमति के बिना महाविद्यालय नहीं जाने देने की बात कही गई और उन्हें कथित तौर पर जबरन मंत्री की गाड़ी में बैठाकर करीब दो घंटे तक रोका गया। एसएसपी ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विज्ञापन

महासंघ अध्यक्ष यतीन पांडे ने बताया कि उन्होंने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया है। मंत्री के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। मांगें पूरी नहीं होने पर दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
-
जल्द अन्य विषयों की कक्षाएं होंगी शुरू : कैड़ा
भवन का लोकार्पण करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ओखलकांडा क्षेत्र के विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा के लिए हल्द्वानी और नैनीताल जाना पड़ता था। विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और सांसद के प्रयासों से महाविद्यालय भवन के निर्माण के लिए 4.37 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में बीए के साथ बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से वार्ता की गई है। जल्द ही अन्य विषयों की कक्षाएं शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और महाविद्यालय में नए विषयों के संचालन को लेकर कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य डीकर सिंह मेवाड़ी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

मंत्री ने लगाया दुष्प्रचार का आरोप लगाया
महाविद्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी पैसे देकर वीडियो और रील बनवाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वह जनता के बीच रहकर विकास कार्य करते रहेंगे।
-
विवि प्रतिनिधि से शुरू हुआ था विवाद
छात्र महासंघ अध्यक्ष यतीन पांडे पतलोट महाविद्यालय की विवि प्रतिनिधि और महासंघ में पदाधिकारी के समर्थन में शुक्रवार को वहां जा रहे थे। पतलोट में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के फ्लैक्स और पोस्टर में विवि प्रतिनिधि छात्रा की फोटो लगाने के मामले में छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ था। साथ ही महाविद्यालय में विभिन्न मांगों के लिए छात्रसंघ पदाधिकारी धरना भी दे रहे हैं। इनमें कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा गुट के छात्र विवि प्रतिनिधि और उनके सहयोगियों का विरोध कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें