जालसाजों ने एक व्यवसायी से एटीएम का पिन नंबर पूछकर 37 हजार रुपये उड़ा लिए। व्यवसायी ने एटीएम बंद कराने के बाद कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। तीन दिन पहले भी इसी प्रकार जालसाजों ने एक महिला के खाते से 18 हजार 400 रुपये निकाल लिए थे। पुलिस की जांच से पता चला है कि जालसाजों ने आनलाइन शापिंग की है।
समता योग आश्रम गली निवासी चंद्रशेखर कांडपाल रविवार को अपनी ग्लास की दुकान में बैठे थे। इस बीच सुबह करीब दस बजे उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह एटीएम सर्विस सेंटर से बोल रहा है। एटीएम रिन्यू करने के लिए उसे 16 डिजिट का पिन नंबर बताना होगा। दुकानदार ने कहा कि अभी ग्राहक आए हैं बाद में फोन करना। लेकिन जालसाज ने दुकानदार को अपनी बातों में फंसाकर एटीएम का पिन नंबर पूछ लिया।
इसके बाद दुकानदार के मोबाइल में रुपये निकालने के मैसेज आने लगे। दुकानदार ने तत्काल अपना एटीएम बंद करवाया तब तक 37 हजार रुपये निकल चुके थे। उसने घटना से कोतवाली के एसएसआई इंदर सिंह राणा को जानकारी दी। बताया कि एटीएम उनके पिता जमुनादत्त कांडपाल के नाम से है। एसएसआई ने घटना की जांच साइबर सेल से कराने का भरोसा दिलाया है। जांच में पता चला है कि जालसाज बिहार से फोन कर रहा था।
सतर्क नहीं हो रहे लोग
तीन दिन पहले हीरानगर निवासी शिक्षक हर्ष गोयल की पत्नी स्वाति अग्रवाल के खाते से भी जालसाजों ने इस तरह 18 हजार 400 रुपये निकाल लिये थे। लगातार हो रही ठगी की घटनाओं के बावजूद लोग जालसाजों के चक्कर में फंसते जा रहे हैं। पुलिस भी इस मामले में पंफ्लेट बांटकर लोगों को जागरूक कर रही है।