गौलापार (नैनीताल)। न्याय पंचायत लाखनमंडी की ओर से दो दिवसीय खेल महाकुंभ का बुधवार को इंटर कॉलेज में समापन हुआ। अंडर-19 बालक, बालिका वर्ग खो-खो में हेरिटेज स्कूल, अंडर-14 बालक कबड्डी में इंटर लाखनमंडी, खो-खो में जीडीजेएम, अंडर-14 बालिका वर्ग की खो-खो में जीडीजेएम और कबड्डी में हेरिटेज टीम विजेता रही। अंडर-19 बालक वर्ग में गोविंद मेवाड़ी, दीपक परसाई, ललित मेहरा, मुकेश पचासिया, अमन बोरा, पंकज धामी, देवेश भट्ट, प्रदीप मेहरा ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में अंजली, डॉली, खुशबू, नेहा, तानिया, दीपिका, दृष्टि और पूजा ने बाजी मारी। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान लाखनमंडी राजेंद्र प्रसाद रहे। इस दौरान प्रधानाचार्य अवतार सिंह, खेल प्रभारी धाम सिंह मेहता, मंजू जोशी थे।
कबड्डी और खो-खो में सरस्वती विद्या मंदिर रहा विजेता
न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
गरमपानी (नैनीताल)। राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बालम पिनारी, बीडीसी कैलाश बुधलाकोटी और सौरभ बधानी ने किया। अंडर-14 बालक वर्ग की कबड्डी में सरस्वती विद्या मंदिर ने प्रथम, आयुष्मान पब्लिक स्कूल द्वितीय, खो-खो में सरस्वती विद्या मंदिर प्रथम और आयुष्मान पब्लिक स्कूल द्वितीय स्थान पर रहे। मुर्गा झपट के 41 से 44 किलोग्राम भार वर्ग में कृष्ण कुमार प्रथम, 35 से 38 किलोग्राम भार वर्ग में नितिन जलाल प्रथम, 60 मीटर दौड़ में मानस सिंह जलाल प्रथम, 600 मीटर दौड़ में तनुष कुमार ने प्रथम स्थान पर रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज धनियाकोट प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर द्वितीय, मुर्गा झपट में नेहा प्रथम स्थान पर रही। इस दौरान प्रधानाचार्य राजीव सिंह, दुष्यंत नेगी आदि रहे। इधर भीमताल के मिनी स्टेडियम में न्याय पंचायत सांगुड़ीगांव के महाकुंभ खेलों के लिए 11 और 12 सितंबर को बालक और बालिका वर्ग में अंडर 14 और अंडर 19 वर्ग की एथलीट, कबड्डी, मुर्गा झपट प्रतियोगिता होगी।