नैनीताल। नगर के समीपवर्ती देवधुरा-बसानी मोटर मार्ग बरसात में कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। इस कारण आवाजाही में स्थानीय लोगों को दिक्क्तों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत के लिए दो करोड़ 35 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
बीते एक दशक से बन रहे 32 किलोमीटर देवीधूरा-बसानी मोटर मार्ग पर बीते वर्ष जून में डामरीकरण पूरा हुआ। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क पास होने से पूर्व बरसात में मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। अस्थायी मरम्मत कर मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया था लेकिन कई स्थानों पर सड़क टूटी होने के चलते वह आवाजाही के लिए सुरक्षित नहीं है।
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि आपदा में क्षतिग्रस्त सड़क के सापेक्ष विभाग को 16.5 लाख रुपये का बजट मिला। इसके बाद कुछ स्थानों से मलबा हटा दिया गया है जबकि शेष जारी है। सड़क को पूर्व अवस्था में लाने के लिए शासन को दो करोड़ 35 लाख का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। बजट मिलने पर ही सड़क की दशा सुधार दी जाएगी।