हल्द्वानी। ऊंचापुल के पास रहने वाले आशीष पंत के इरादे आसमान की तरह ऊंचे हैं। आशीष एमबीबीएस करने के बाद न्यूरो सर्जन बनना चाहते हैं। उन्होंने नीट में राष्ट्रीय स्तर पर 163वां स्थान हासिल किया है।
लक्ष्मी पार्वती कॉलोनी गली नंबर 27 निवासी आशीष पंत बचपन से ही पढ़ाई में होनहार हैं। उनके पिता दिनेश चंद्र पंत जीआईसी कसियालेख में राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता हैं और मां पुष्पा पंत प्राइमरी स्कूल कठघरिया में अध्यापिका हैं। आशीष ने इसी साल बिडला स्कूल से 12वीं की कक्षा 98.6 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की है।
आशीष ने बताया कि उनकी दो बड़ी बहनें हैं। बहन पूजा पंत हरिद्वार से बीएमएस और उनसे छोटी बहन नीलम पंत दून मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट की पढ़ाई के साथ आकाश संस्थान से कोचिंग की और लगातार अभ्यास किया। उनका कहना है कि जब भी पढ़ाई की जाए एकाग्रता के साथ की जाए।
सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय दादा स्व. राधा बल्लभ पंत, दादी स्व. कलावती देवी, नाना स्व. नरेंद्र दत्त जोशी और नानी स्व. जानकी जोशी को दिया है। साथ ही अपने गुरुजनों को धन्यवाद भी दिया है। उधर, आकाश संस्थान ने दावा किया है कि आशीष पंत ने प्रदेश में दूसरा स्थान पाया है।
उधर, अनिरुद्ध बत्रा ने ऑल इंडिया स्तर पर 461 रैंक लाकर सफलता पाई है। वह भविष्य में न्यूरोलॉजिस्ट बनकर उत्तराखंड की सेवा करना चाहते हैं। रुद्रपुर आवास विकास कॉलोनी निवासी अनिरुद्ध बत्रा ने 12वीं में 99 और 10वीं में 97 प्रतिशत अंक पाकर परिवार का नाम रोशन किया था।
पढ़ाई में होनहार अनिरुद्ध ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई होली चाइल्ड स्कूल, भरतपुर, रुद्रपुर से पूरी की और नीट की तैयारी के लिए आकाश संस्थान से कोचिंग की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ ही आकाश संस्थान के गुरुजनों को दिया है। अनिरुद्ध के पिता राजेश बत्रा रुद्रपुर में ही कंप्यूटर एवं स्पोकन इंग्लिश संस्थान चलाते हैं तथा मां कविता बत्रा प्राइवेट शिक्षिका हैं।
अनिरुद्ध बत्रा- फोटो : HALDWANI