बेतालघाट में कठैल के जंगल पर लगी आग।
नैनीताल/गरमपानी। गर्मी में पारा चढ़ने के साथ ही जंगल में आग लगने की घटनाएं बढ़ गईं है। जिससे वनाग्नि को काफी नुकसान हो रहा है। रविवार को नलनी कालाढूंगी के पास जंगल में आग लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग व फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने लोगों को आग लगने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। वहीं बेतालघाट ब्लॉक के सीम गांव से लगे कठैल के जंगल में रविवार शाम आग लग गई। आग से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। हवा तेज होने से आग पूरे जंगल में फैल गई। स्थानीय लोग भी जंगल में लगी आग को बुझाने में लगे रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय लोगों ने कहा कि बेतालघाट के जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने वन विभाग से जंगल में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।