कालाढूंगी। क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। 21 दिनों में चोरों ने पांच जगह चोरी की घटना को अंजाम दे डाला है। इसमें एक जगह दोबारा ताले तोड़ दिए गए हैं। अब चोरों ने वार्ड नंबर एक में घर के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। वार्ड नंबर एक निवासी अदनान का परिवार मतदान वाले दिन वार्ड नंबर 5 में आ गया था। शनिवार की सुबह जब वे घर लौटे तो गेट का ताला टूटा था। घर से नकदी और सोना चांदी की अंगूठी गायब मिली। उन्होंने पुलिस को चोरी की तहरीर दी है। इससे पहले 29 मार्च की रात चोरों ने गुलजारपुर बंकी में स्थित नवीन प्रगतिशील जूनियर हाईस्कूल से कंप्यूटर सिस्टम, डीबीआर, प्रिंटर चुरा लिए थे। पांच अप्रैल को वन निगम डिपो के पास नूर अहमद के सेलर और मंडी समिति के कार्यालय से कैमरे, कंप्यूटर व डीबीआर, नकदी और सामान ले गए थे। 15 अप्रैल को फिर से नूर अहमद के किसान सेल्स एंड कुटीर उद्योग के ताले तोड़ दिए थे। इसी दिन गोपाल सिंह मेहरा की दुकान के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर लिया गया था।
भूपेंद्र सिंह भंडारी, सीओ रामनगर ने कहा कि चोरी के खुलासे के लिए टीम लगी हुई है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।