नैनीताल। नगर में मौसम का मिजाज बदलते ही बारिश का दौर शुरू हो गया है। बारिश ने मौसम को सुहावना बनाने के साथ छाता और रंग-बिरंगी बरसाती की मांग बढ़ गई है।
बता दें कि पर्यटन सीजन के चलते बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक नैनीताल पहुंच रहे हैं। अचानक बारिश होने पर पर्यटकों को रेनकोट आदि के लिए बाजार का रुख करना पड़ रहा है। दुकानदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बारिश शुरू होने के बाद बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है। मॉलरोड के व्यवसायी आरिश का कहना है कि वह सौ रुपये में बरसाती दे रहे हैं। तल्लीताल बाजार के व्यवसायी मनदीप आनंद का कहना है कि सैलानियों के साथ ही स्कूल जाने वाले विद्यार्थी, कर्मचारी एवं बाइकर्स भी ब्रांडेड के बजाय रंग-बिरंगी बरसातियों को ले जा रहे हैं। बच्चों के रंग-बिरंगे छातों से लेकर बड़े रेनकोट और पारदर्शी रेनकोट की मांग बढ़ी है।