लापता सैन्यकर्मी उमेश चंद्र जोशी
- फोटो : Amar ujala
आर्मी कैंट हिसार में तैनात सेना का हवलदार उमेश चंद्र जोशी छुट्टी लेकर लापता हो गया है। वह 52 दिन से न घर पहुंचा है न ही ड्यूटी ज्वाइन की है। घर वालों ने चौखुटिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है जबकि सेना के अधिकारियों ने अल्मोड़ा के पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच को पत्र लिखा है।
अल्मोड़ा जिले के दोलड़ी (चौखुटिया) निवासी हरीश जोशी ने पुलिस को बताया कि उनके चचेरे भाई उमेश चंद्र जोशी पुत्र स्वर्गीय देवीदत्त जोशी इस समय आर्मी कैंट हिसार में तैनात हैं। दो दिसंबर 2017 को उन्होंने फोन कर बताया था कि वह भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए टनकपुर जा रहे हैं। नौ दिन की छुट्टी लेने की बात कही गई थी।
शादी चार दिसंबर को होनी थी। इस दौरान वह न घर पहुंचे न ही शादी समारोह में शामिल हुए। मोबाइल भी बंद रहा। इस बीच पता चला कि 12 दिसंबर को उन्होंने अपनी यूनिट में फोन कर 15 दिन की छुट्टी और बढ़ा ली।
घर वालों ने बताया कि यह भी पता चला है कि सैन्य कर्मी के एटीएम कार्ड से ऊधमसिंह नगर जिले और चंडीगढ़ से पैसा निकाला गया है। इस मामले में सेना की तरफ से उनकी मां को पत्र भेजा गया है जिसमें कहा गया है कि यदि जल्द ड्यूटी ज्वाइन नहीं की गई तो कार्रवाई की जाएगी। उधर, अल्मोड़ा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने कहा कि सेना की ओर से पत्र उन्हें मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।