किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में उत्तराखंड सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए इस प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि अंकिता भंडारी पहाड़ की बेटी थी और उसे न्याय दिलाना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा प्रश्न है। जिस प्रकार से इस मामले में प्रारंभिक स्तर पर साक्ष्य नष्ट किए गए, रिजॉर्ट को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया और जांच को सीमित दायरे में रखा गया उससे सरकार की नीयत पर संदेह उत्पन्न होता है। कहा कि हाल ही में उर्मिला राठौड़ के सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और बयानों ने इस मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है। उर्मिला राठौड़ ने भाजपा के एक कद्दावर नेता पर बहुत ही संगीन आरोप लगाए हैं। ऐसे में सरकार को तुरंत इन सारे तथ्यों की सीबीआई जांच करानी चाहिए। यदि सरकार व जांच एजेंसियों के पास छिपाने को कुछ नहीं है तो वह सीबीआई जांच से क्यों डर रही हैं।
बेहड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी आग्रह किया कि वे स्वयं इस प्रकरण का संज्ञान लें और उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष सीबीआई जांच सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते ठोस निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।